धान खरीद प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न, किसानों की सुविधा और पारदर्शिता पर जोर। जानिए क्या है धान की इस वर्ष मूल्य
- By UP Samachaar Plus --
- Monday 28 Oct, 2024
- 223
मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा
UP Samachar Plus
महराजगंज – खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान खरीद प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाने हेतु जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में जिलाधिकारी ने सभी केंद्र प्रभारियों को शासन की नीतियों के अनुसार धान खरीद प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। लघु एवं सीमांत किसानों को धान क्रय में प्राथमिकता देने के साथ ही टोकन समय पर जारी करने का निर्देश भी दिया गया ताकि किसानों को केंद्रों पर अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। जिलाधिकारी ने उपकरणों की मरम्मत भी 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
डिप्टी आरएमओ को निर्देशित किया गया कि किसानों का सत्यापन जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए और क्रय की रोजाना रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। साथ ही, कलेक्ट्रेट में एक कंट्रोल रूम स्थापित कर धान क्रय प्रक्रिया की निगरानी करने का आदेश भी दिया गया। धान परिवहन में पारदर्शिता के लिए ठेकेदार द्वारा लगाए गए वाहनों की जीपीएस के माध्यम से ट्रैकिंग कराने का निर्देश भी जारी किया गया है ।
इस वर्ष जिले में धान क्रय का लक्ष्य 2 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इस विपणन वर्ष में सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो कि पिछले वर्ष से 117 रुपये अधिक है। इस प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए ई-उपार्जन पोर्टल का उपयोग किया जाएगा।
कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, एआर सहकारिता सुनील गुप्ता, एलडीएम बी.एन. मिश्रा सहित समस्त क्षेत्रीय विपणन अधिकारी एवं बड़ी संख्या में केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे।

